सोनभद्र। आर्थिक और सामाजिक रूप से वंचित परिवारों के बच्चों को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के उद्देश्य से एक्शनएड द्वारा संचालित ‘आओ मिलकर छात्रवृत्ति पाएं’ अभियान के तहत राजकीय बालिका विद्यालय सरईगढ़ में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता एवं मानवाधिकार रक्षक कमलेश कुमार ने छात्राओं को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पिछली कक्षा की अंकतालिका सहित अन्य दस्तावेज छात्रवृत्ति के लिए जरूरी हैं और समय पर आवेदन व त्रुटि सुधार बेहद आवश्यक है।
कमलेश कुमार ने कहा कि जानकारी के अभाव और प्रक्रिया की जटिलताओं से कई पात्र विद्यार्थी लाभ से वंचित रह जाते हैं। छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि गरीब बच्चों की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने का महत्वपूर्ण साधन है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य पूजा वर्मा ने कहा कि एक्शनएड की यह पहल सराहनीय है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और शिक्षा के प्रति आत्मविश्वास बढ़ाने में मददगार हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाना है ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे।









