–बिजली, सड़क, पानी, स्वास्थ्य व मोबाइल नेटवर्क की सुविधा की मांग, 21 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
सोनभद्र । जुगैल क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। अपना दल एस व्यापार मंच के अध्यक्ष राहुल पांडेय के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 21 अक्टूबर से जुगैल से पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचकर शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि जुगैल क्षेत्र के कई आदिवासी टोले आज भी बिजली, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। कई स्थानों पर बिजली के खंभे खड़े हैं, लेकिन तार नहीं खींचे गए हैं। कहीं तार बिछाए जाने के बाद भी विद्युत आपूर्ति नहीं हो रही है। पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने से ग्रामीणों को नाले का पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
ज्ञापन में थरी घाटी से मध्य प्रदेश सीमा तक पक्की सड़क निर्माण, जर्जर सड़कों व पुलियों की तकनीकी जांच और सलैयापान, गर्दा, गर्दी व आसपास के क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की मांग की गई। विद्युत करंट से दिव्यांग हुई जुगैल के चाड़म टोला निवासी आदिवासी बेटी के तत्काल उपचार की व्यवस्था कराने की भी मांग उठाई गई।
ग्रामीणों ने मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर करने के लिए मोबाइल टावर स्थापित कराने तथा क्षेत्र में चल रहे सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और योजनाओं में खर्च धन की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगों के समाधान के लिए उनका आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।
प्रदर्शन में हीरामनी, जय प्रकाश, उमाशंकर, अनिल कुमार, चंदन, भैरो सिंह, शिवरतन, रमेश, अमृतलाल, संतोष, लालता सिंह, रामविलास, गेंनालाल आदि शामिल रहे।










