अमित मिश्रा
IGRS शिकायत निस्तारण में लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश के साथ-साथ वाराणसी जोन में भी प्रथम स्थान
माह सितंबर में प्राप्त किए 100 में 100 अंक
सोनभद्र(उतर प्रदेश)। जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए जनपद पुलिस ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। प्रदेश शासन के IGRS (Integrated Grievance Redressal System) पोर्टल पर माह सितंबर की जारी रैंकिंग में सोनभद्र पुलिस ने संपूर्ण प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए जनपद को 100 में 100 अंक प्राप्त हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि माह जुलाई एवं अगस्त की IGRS रैंकिंग में भी सोनभद्र पुलिस ने संपूर्ण प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इस प्रकार लगातार तीसरे माह प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर सोनभद्र पुलिस ने शिकायत निस्तारण के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली एवं प्रभावी मॉनिटरिंग का परिचय दिया है।
यह उपलब्धि पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के कुशल नेतृत्व, नियमित मॉनिटरिंग, शिकायतों की सतत समीक्षा एवं अधिकारियों को दिए गए समयबद्ध दिशा-निर्देशों का परिणाम है। पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रत्येक शिकायत के गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी पर्यवेक्षण किया गया, जिसके फलस्वरूप जनपद पुलिस ने लगातार यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
शासन की मंशा के अनुरूप जनपद पुलिस द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर सत्यापन, शिकायतकर्ता से संवाद एवं नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया गया। शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता के आधार पर जनपद को प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त हुआ।
जनपद के कुल 22 थानों में से 18 थानों द्वारा 100 में 100 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया, जो पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भावना, बेहतर कार्यप्रणाली एवं जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
जनपद पुलिस ने लगातार 03 माह प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना जनपद पुलिस की जनशिकायतों के प्रति संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।









