साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव एवं जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया जाय: सीडीओ

IMG 20260929 WA0005
IMG 20260929 WA0005

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों को लेकर अन्तर्विभागीय बैठक सम्पन्न

सीडीओ ने अधिकारियों को दिए माइक्रोप्लान के अनुसार प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय द्वितीय अन्तर्विभागीय बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा माइक्रोप्लान के अनुसार निर्धारित कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

शासन के निर्देशा पर  जनपद में 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान संचालित किया जाना प्रस्तावित है।

अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों द्वारा की जाने वाली तैयारियों एवं दायित्वों की बैठक में विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, ग्राम विकास, नगर निकाय, पशुपालन, कृषि, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण तथा सूचना विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ ही समस्त ब्लॉक अधीक्षक, बीसीपीएम, डीपीएम एवं एनएचएम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा पीपीटी के माध्यम से संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों, विभागवार दायित्वों एवं कार्ययोजना के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

साफ-सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने नगर निकायों एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालियों की नियमित साफ-सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था एवं कचरा निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही एंटी लार्वा छिड़काव एवं फॉगिंग कराते हुए कार्रवाई की फोटो संचारी अभियान के व्हाट्सऐप ग्रुप पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों की अनुपालन स्थिति की भी समीक्षा की।

प्रथम अन्तर्विभागीय बैठक में चुर्क स्थित सोनपम्प जाने वाले मार्ग पर डम्प कचरे का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित अवधि में कचरे का निस्तारण न होने पर अधिशासी अधिकारी, चुर्क का वेतन अवरुद्ध करने हेतु ट्रेजरी को निर्देशित किया गया। वहीं, दोनों अन्तर्विभागीय बैठकों में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका सोनभद्र का वेतन अवरुद्ध करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में प्रार्थना के समय विद्यार्थियों को संक्रामक रोगों से बचाव, हाथ धोने के सही तरीके, पूरी आस्तीन की यूनिफॉर्म पहनने तथा बुखार आने की स्थिति में क्या करें और क्या न करें आदि के संबंध में जागरूक किया जाए। प्रत्येक विद्यालय में हाथ धोने के लिए हैंडवॉश की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उपलब्ध कराए गए पम्पलेट का वितरण कर व्यापक जनजागरूकता कराने के निर्देश भी दिए गए।

गांवों में स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता पर विशेष जोर
ग्राम विकास विभाग को गांवों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही माइक्रोप्लान के अनुसार एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, कचरा निस्तारण, नालियों की सफाई एवं झाड़ियों की कटाई सहित अन्य निर्धारित गतिविधियां कराने के निर्देश दिए गए।

इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि माइक्रोप्लान के अनुसार प्रतिदिन निर्धारित कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। जनपद स्तरीय अधिकारी जनपद स्तर पर आयोजित गोष्ठियों में प्रतिभाग करेंगे, जबकि ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अपने-अपने विकासखंडों में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। अभियान के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1544
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?