किसान संघ सहित अन्य दलों ने कलेक्ट्रेट पर दिया एक दिवसीय धरना
सोनभद्र। विन्ध्य एक्सप्रेस-वे का विरोध अब तेज हो गया है। भारतीय किसान संघ के बैनर तले किसानों ने गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया। धरने को किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा का भी समर्थन मिला।
मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जब कोई किसान और सोनभद्र का निवासी एक्सप्रेस-वे नहीं चाहता तो सरकार जबरदस्ती क्यों थोप रही है। यह लड़ाई केवल जमीन की नहीं, आदिवासी अस्मिता और परंपरा बचाने की है। हम जल, जंगल, जमीन नहीं उजड़ने देंगे। जब अन्नदाता जमीन देने को तैयार नहीं हैं तो प्रशासन जबरन हस्ताक्षर न कराए, नहीं तो बड़ा आंदोलन होगा।
किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष मनोज कुशवाहा ने कहा- हम जान दे देंगे पर जमीन नहीं देंगे। ज्योति प्रकाश सिंह ने कहा कि किसान हित की लड़ाई अब आर-पार की होगी। भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह ने कहा कि किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रामजी सिंह मौर्य ने कहा- धरती हमारी माता है, माता का सौदा हमें नहीं आता। अमित जायसवाल ने कहा कि अन्नदाताओं का अनादर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धरने में विनोद मौर्य, कमलेश मौर्य, विकास बिंद, अमित, संतोष, रितेश सहित हजारों किसान मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह द्वारा जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में शुक्रवार को 16 मांगें रखी गई हैं, जिसमें से प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं –
जायद फसल में उरद, मूंग के लिए खरीद केंद्र बनाया जाए।, शासन द्वारा निर्धारित ग्रामीण क्षेत्र के लिए 18 घंटे विद्युत आपूर्ति के सापेक्ष 8 घंटे भी नहीं मिल पा रही है, घोषित कटौती से किसान परेशान हैं, 18 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए।






