म्योरपुर/सोनभद्र। विकास खंड म्योरपुर की ग्राम पंचायत रासपहरी में पंचायत भवन का सुंदरीकरण कराए जाने के बाद उसका स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। अब भवन आकर्षक और सुविधाजनक हो गया है, जिसकी ग्रामीण जमकर तारीफ कर रहे हैं। ग्राम प्रधान शीतल देवी के प्रयासों से पंचायत भवन की दीवारों पर आकर्षक रंग-रोगन कराया गया है। दीवारों पर स्वच्छता का संदेश, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित वॉल पेंटिंग बनाई गई है। साथ ही परिसर में साफ-सफाई और पौधरोपण भी कराया गया है। सुंदरीकरण के बाद अब पंचायत भवन में बैठकों, चौपाल और अन्य सरकारी कार्यों के लिए ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिल रही है। पहले जहां भवन उपेक्षित पड़ा था, वहीं अब यह गांव का आकर्षण केंद्र बन गया है। इस कार्य को लेकर ग्रामीणों बेचन, राकेश अग्रहरि, कमलेश मिश्रा, सुनील, भोला, सीताराम प्रजापति, धर्मेंद्र शर्मा, अरुण सोनी सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रधान व सचिव के इस प्रयास की सराहना की है।







