चंदौली जिले के नौगढ़ ब्लाक सभागार में शनिवार को मिशन वात्सल्य के तहत ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (BCPC) की बैठक आयोजित हुई। अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह ने की। इस दौरान ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (VLCPC) के सचिवों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी, विद्यालय से बाहर बच्चों की पहचान, बच्चों के साथ हिंसा व दुर्व्यवहार, सुरक्षा एवं संरक्षण तथा जरूरतमंद बच्चों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ने की जानकारी दी गई। VLCPC सचिवों को उनकी भूमिका, जिम्मेदारियों, बाल संरक्षण से जुड़े मामलों की पहचान, सूचना देने की प्रक्रिया, समिति स्तर पर कार्रवाई और रिपोर्टिंग के बारे में विस्तार से बताया गया।
प्रशिक्षण में ग्राम स्तर पर बाल संरक्षण तंत्र को सक्रिय बनाने के लिए नियमित बैठक करने, बच्चों की समस्याओं की पहचान करने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी अपने क्षेत्र में बच्चों से जुड़े जोखिमों की पहचान करने, बाल विवाह और बाल श्रम की सूचना संबंधित स्तर पर देने तथा विद्यालय से बाहर बच्चों को चिह्नित कर उन्हें शिक्षा से जोड़ने की प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांव और समुदाय स्तर पर बच्चों व परिवारों के निरंतर संपर्क में रहती हैं। ऐसे में वे बाल संरक्षण से जुड़े मामलों की शुरुआती पहचान और समय पर सूचना देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्हें बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और हिंसा, शोषण या उपेक्षा की स्थिति में निर्धारित बाल संरक्षण तंत्र के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए प्रेरित किया गया।
मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान की ओर से शहनाज और गणेश प्रसाद ने प्रशिक्षण में सहयोग किया। बैठक में बाल संरक्षण से जुड़े विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
इस दौरान बीडीओ राकेश सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि राम, एडीओ समाज कल्याण सिद्धार्थ सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी रामप्रवेश प्रजापति, एडीओ आईएसबी अनिल सिंह, मुख्य सेविका सरोज रानी व छाया, डीसीपीयू से भैया लाल, बाल कल्याण समिति सदस्य ताहिर हुसैन व धर्मेंद्र कुमार सिंह, श्रम विभाग से गणेश विश्वकर्मा तथा मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान से जितेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे।





