अनपरा, सोनभद्र। गणेश उत्सव के अवसर पर दिशिता महिला मंडल, रेनुसागर के तत्वावधान में पैराडाइज प्रेक्षागृह में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और भारतीय संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि हिंडाल्को रेनुसागर के यूनिट हेड आर पी सिंह ने कहा कि गणेश उत्सव धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता का उत्सव है। भगवान गणेश के प्रति श्रद्धा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और नई प्रेरणा का संचार करती है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिला मंडल की सदस्यों ने गणेश वंदना, भक्ति गीत, नृत्य और लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगे परिधानों में कलाकारों ने पूरे प्रेक्षागृह को भक्तिमय बना दिया। क्विज के माध्यम से भगवान गणेश की महिमा और भारतीय संस्कृति की झलक भी प्रस्तुत की गई।
दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम हैं।
अंत में मुख्य अतिथि आर पी सिंह, इंदु सिंह, संचालन विभाग हेड मनीष जैन, सेफ्टी हेड अरविंद सिंह और सुधाकर अन्नामलाई ने प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन सचिव तूलिका श्रीवास्तव ने किया और सुनीता यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।






