15 दिनों से ठप पानी की सप्लाई, पांच गांवों में पेयजल संकट; ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

संवाददाता -वीरेंद्र कुमार

विंढमगंज (सोनभद्र) । दुद्धी ब्लॉक के महुली क्षेत्र में मलिया नदी से संचालित पेयजल आपूर्ति पिछले करीब 15 दिनों से पूरी तरह बंद है। पानी की सप्लाई ठप होने से महुली, पतरिहा, फुलवार, पोलवा और हिराचक गांवों के ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों को पानी के लिए दूसरे जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, इन गांवों में पहले जल निगम के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जाती थी। बाद में हर घर जल योजना के तहत घर-घर पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना लागू होने के बाद भी उन्हें नियमित रूप से पानी नहीं मिल पा रहा है। कभी कुछ दिनों तक सप्लाई होती है तो कभी कई दिनों तक पूरी तरह बंद रहती है।

करीब 15 दिनों से लगातार पानी की आपूर्ति बंद रहने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कर नियमित पानी की सप्लाई शुरू कराने की मांग की है।

ग्रामीण वीरेंद्र कनौजिया, राकेश कुमार, प्रमोद कुमार, संजय गुप्ता, विजेंद्र कनौजिया और राजकिशोर ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अभी तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।

मामले में उपजिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि पानी की सप्लाई तत्काल चालू कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पानी के लिए किसी तरह की समस्या नहीं होने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?