सोनभद्र। नवजीवन जन सेवा समिति के नेतृत्व में पानी संस्था एवं रोहिणी नीलकंठ फिल्मथ्रिपिस फाउंडेशन के सहयोग से बुधवार को सुअरसोत पंचायत भवन में सामुदायिक महिला संगठनों के नेतृत्वकर्ताओं का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में दस महिला संगठनों की अध्यक्ष एवं सचिवों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसका उद्देश्य महिला संगठनों को मजबूत, सक्रिय और नेतृत्वक्षम बनाना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को संगठन की भूमिका, नेतृत्व क्षमता, सामूहिक निर्णय, आपसी सहयोग, नियमित बैठक, जिम्मेदारियों के बंटवारे तथा समुदाय के मुद्दों पर मिलकर आवाज उठाने के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण को रोचक बनाने के लिए खेल और सहभागिता आधारित गतिविधियों का उपयोग किया गया, जिससे टीम भावना, आपसी विश्वास और संवाद की क्षमता विकसित हुई।
इसके साथ ही जैविक खेती, जलवायु अनुकूल कृषि और जल संरक्षण पर विशेष जानकारी दी गई। महिलाओं से अपेक्षा की गई कि वे गांवों में किसानों को जैविक खेती और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में पानी संस्था से विवेक एवं हरिओम, नवजीवन जन सेवा समिति के सचिव कमलेश कुमार, क्लाइमेट वॉरियर्स कविता खरवार, मंजू मौर्य, आरती खरवार, मंजू खरवार, उषा खरवार, क्लाइमेट लीड शिवाकांत तथा नवरंग, मीना, राधिका, बसंती सहित संगठन की अगुवाओं ने भाग लिया।
अंत में प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि मजबूत महिला संगठन और सामूहिक नेतृत्व के माध्यम से गांवों में जैविक खेती व जल संरक्षण को आगे बढ़ाया जाएगा।






