संवाददाता – गौरव पाण्डेय
O- चतरा में कक्षा 3, 5, 6 और 8 के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र अब जिला स्तर पर आजमाएंगे ज्ञान
रामगढ़ (सोनभद्र) । परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रतिभा और ज्ञान का आकलन करने के उद्देश्य से मंगलवार को चतरा ब्लॉक में ब्लॉक स्तरीय मेधावी छात्र प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कंपोजिट विद्यालय रामगढ़ में आयोजित इस परीक्षा में विभिन्न संकुलों से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पहुंचे 47 मेधावी विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
परीक्षा का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी चतरा धनंजय सिंह की देखरेख में कराया गया। प्रतियोगिता में कक्षा तीन, पांच, छह और आठ के विद्यार्थियों के ज्ञान एवं शैक्षिक दक्षता की परीक्षा ली गई। न्याय पंचायत स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों ने ब्लॉक स्तरीय परीक्षा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के परिणाम में कक्षा तीन में अंकित कुमार, प्राथमिक विद्यालय नाकों ने प्रथम तथा आराध्या, कंपोजिट विद्यालय गुरौटी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। कक्षा पांच में रितिका, कंपोजिट विद्यालय सेहुआ प्रथम और अंशिका, प्राथमिक विद्यालय खुज्झा द्वितीय स्थान पर रहीं।
कक्षा छह में प्रतीक्षा, उच्च प्राथमिक विद्यालय कुसम्हा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सार्थक, उच्च प्राथमिक विद्यालय चपईल द्वितीय रहे। वहीं कक्षा आठ में आदित्य कुमार, उच्च प्राथमिक विद्यालय पटना ने प्रथम और दीपांजलि, उच्च प्राथमिक विद्यालय खडुई ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अब जिला स्तरीय मेधावी परीक्षा में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को व्यापक मंच पर प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।
परीक्षा के बाद खंड शिक्षा अधिकारी धनंजय सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और निरंतर मेहनत एवं लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एआरपी सुजीत कुमार सिंह, रामनरायण पांडेय, विनोद कुमार चौबे, रामदास जायसवाल, अनुपम दुबे और आनंद पांडेय सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।






