सोनभद्र के तीन बड़े मुद्दे लेकर मुख्यमंत्री से मिले विधायक भूपेश चौबे, विस्थापन, मतदान समय और रॉबर्ट्सगंज का नाम बदलने की उठाई मांग

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात में भाजपा विधायक ने जाला बस्ती को उजड़ने से बचाने, सोनभद्र में मतदान का समय सामान्य करने और रॉबर्ट्सगंज का नाम बदलकर “सोनभद्र” करने का रखा प्रस्ताव।

लखनऊ/सोनभद्र। सदर (रॉबर्ट्सगंज) विधानसभा से भाजपा विधायक भूपेश चौबे ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर जनपद से जुड़े तीन महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान विधायक ने सामाजिक, प्रशासनिक और ऐतिहासिक महत्व के विषयों पर सरकार से हस्तक्षेप की मांग की।

विधायक द्वारा सौंपे गए ज्ञापनों में जाला नगर पंचायत की मलिन बस्ती को विस्थापन से बचाने, सोनभद्र में विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान का समय अन्य जिलों के समान कराने तथा रॉबर्ट्सगंज का नाम बदलकर सोनभद्र किए जाने की प्रमुख मांग शामिल है।

1. जाला नगर पंचायत की बस्ती को बचाने की मांग

पहले ज्ञापन में विधायक भूपेश चौबे ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जाला नगर पंचायत (पूर्ववर्ती) के वार्ड संख्या-2 और 3 में पिछले 50-55 वर्षों से लगभग 450-500 परिवार, जिनकी आबादी करीब 4 से 5 हजार है, निवास कर रहे हैं।

ज्ञापन के अनुसार, क्षेत्र में रहने वाले अधिकांश लोग दलित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि एक निजी कंपनी द्वारा इन परिवारों को हटाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इस बस्ती को उजड़ने से बचाने के लिए आवश्यक हस्तक्षेप किया जाए और गरीब परिवारों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

2. सोनभद्र में मतदान का समय सामान्य करने की मांग

दूसरे ज्ञापन में विधायक ने कहा कि नक्सल प्रभावित होने के कारण पहले सोनभद्र की रॉबर्ट्सगंज (401) और दुद्धी (403) विधानसभा सीटों पर मतदान का समय शाम 4 बजे तक निर्धारित किया जाता था, जिससे मतदान प्रतिशत प्रभावित होता था।

उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि अब सोनभद्र नक्सल मुक्त जिला घोषित हो चुका है। ऐसे में आगामी चुनावों में यहां भी प्रदेश की अन्य विधानसभा सीटों की तरह सामान्य समय तक मतदान कराने की व्यवस्था की जानी चाहिए ताकि अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

3. रॉबर्ट्सगंज का नाम बदलकर ‘सोनभद्र’ करने का प्रस्ताव

तीसरे ज्ञापन में विधायक ने कहा कि जिला मुख्यालय आज भी रॉबर्ट्सगंज के नाम से जाना जाता है, जिसका नाम अंग्रेज़ी शासनकाल से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने उल्लेख किया कि सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, युवाओं और विभिन्न वर्गों द्वारा लंबे समय से रॉबर्ट्सगंज का नाम बदलकर “सोनभद्र” किए जाने की मांग उठाई जाती रही है। विधायक ने यह भी बताया कि इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा भी शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात

मुख्यमंत्री आवास पर हुई मुलाकात के दौरान विधायक भूपेश चौबे ने तीनों ज्ञापन सौंपते हुए इन मुद्दों के सामाजिक और जनहित से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। इन मांगों पर अंतिम निर्णय राज्य सरकार के स्तर पर लिया जाएगा।

Leave a Comment

1528
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?