एक साल से अंधेरे में जी रहा धोबही गांव, बिजली आपूर्ति बहाल न होने पर ग्रामीणों का प्रदर्शन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील क्षेत्र के धोबही गांव में पिछले लगभग एक वर्ष से विद्युत आपूर्ति बंद होने के कारण ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। शनिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बिजली के पोल, तार और ट्रांसफार्मर पहले से लगे हुए हैं, लेकिन पिछले लगभग एक वर्ष से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद है। कई बार संपूर्ण समाधान दिवस और संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।

पहाड़ी और जंगलों के बीच बसे इस गांव के लोग आज भी अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। रात के समय अंधेरे के कारण जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीण वीरेंद्र कुमार ने बताया कि गांव में करीब एक वर्ष से बिजली आपूर्ति ठप है। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो गांव के सभी लोग आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

इस संबंध में एसडीओ संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जल्द ही तकनीकी टीम भेजकर खराबी दूर कराई जाएगी और गांव में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

प्रदर्शन में वीरेंद्र कुमार, भवन, दुधनाथ, अमरनाथ, जोखन, पारसनाथ, सुभाश, राजेश, बबुन्दर और रामेश्वर आदि लोग उपस्थित रहे

Leave a Comment

1523
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?