सर्राफा व्यापारी लूटकांड का बड़ा खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल, साथी गिरफ्तार, गिरोह पर शिकंजा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- 18 जुलाई की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने किया खुलासा, अवैध तमंचा, कारतूस, लूट में प्रयुक्त बाइक और नकदी बरामद, फरार दो आरोपियों की तलाश तेज।

बभनी (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में सर्राफा व्यापारी से हुई चर्चित लूटकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। बभनी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर लुटेरा पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और नकदी बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार 18 जुलाई को बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल के पास छत्तीसगढ़ के साप्ताहिक बाजार से लौट रहे एक सर्राफा व्यापारी को तीन बदमाशों ने चाकू के बल पर रोककर सोने-चांदी के आभूषणों और लगभग 40 हजार रुपये नकद से भरा बैग लूट लिया था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।

शनिवार तड़के मुखबिर की सूचना पर बभनी और म्योरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने शीशटोला जंगल में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बाइक सवार बदमाश भागने लगे, लेकिन पीछा करने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में रमेश साकेत के पैर में गोली लगी, जबकि मनोज साकेत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा ₹12,200 नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात स्वीकार करते हुए चार लोगों के शामिल होने की बात कबूल की है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी का कहना है कि फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर इस लूटकांड का पूर्ण खुलासा कर दिया जाएगा। इस कार्रवाई को सोनभद्र पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है और इससे अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश भी गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1541
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?