3 साल से ध्वस्त स्कूल-आंगनबाड़ी भवन के पुनर्निर्माण की मांग
बभनी, सोनभद्र । शिक्षा के बाजारीकरण, लगातार हो रहे पेपर लीक और स्थानीय शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बभनी के सामने जोरदार प्रदर्शन एवं धरना दिया।भाकपा नेताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा के बाजारीकरण और पेपर लीक के खिलाफ चल रहे आंदोलन एवं अनशन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। नेताओं ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से मेहनत करने वाले करोड़ों छात्रों का भविष्य और विश्वास दोनों टूट रहा है। सरकार को इस पर कठोर कदम उठाने चाहिए।
इसी क्रम में बीआरसी कार्यालय बभनी के समक्ष धरना देकर ग्राम पंचायत बरवा टोला (क), टोला सालेनाग में लगभग 3 वर्ष पूर्व ध्वस्त कराए गए प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र के अब तक पुनर्निर्माण न होने पर रोष जताया गया।
धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता धनुक प्रसाद ने की तथा संचालन देव कुमार विश्वकर्मा ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाकपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला सचिव कामरेड आर.के. शर्मा रहे। उनके साथ जिला सहायक सचिव कामरेड बसवन्ना गुप्ता भी मौजूद थे।
वक्ताओं ने कहा कि 3 वर्षों से बच्चों को शिक्षा और आंगनबाड़ी की मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखना शासन-प्रशासन की गंभीर लापरवाही है। सरकार बाल वाटिका और आंगनबाड़ी की बात करती है, लेकिन बभनी क्षेत्र में इनका संचालन कागजों तक सीमित है। कई विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में शिक्षकों और कार्यकत्रियों की समय से उपस्थिति नहीं हो रही।
नेताओं ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अभाव में क्षेत्र के छात्र आगे की पढ़ाई छोड़कर रोजगार के लिए महानगरों की ओर पलायन को मजबूर हैं।
इस अवसर पर उपस्थित अकबर गोंड, द्वारिका प्रसाद, चंद्रवंशी, अमरनाथ, सूर्य, जगन्नाथ, बाबूलाल खरवार, हरि प्रसाद, राजाराम, रामविचार, राजन, सुमन देवी, फुलबासिया, सुंदरी देवी, भगमानिया, ऋतु, फूलमती देवी, राजकुमारी, कुमारी सुनीता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
भाकपा ने चेतावनी दी कि यदि बभनी क्षेत्र में बच्चों की शिक्षा से जुड़े इन सवालों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






