नवीन कुमार
पौधरोपण अभियान से हरियाली से सजेगा कोन क्षेत्र: ब्लाक प्रमुख
कोन/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोन विकास खंड क्षेत्र में पौधरोपण अभियान चलाया गया। इसी क्रम में ब्लॉक प्रमुख रूबी मिश्रा एवं खंड विकास अधिकारी जितेंद्र नाथ दुबे ने संयुक्त रूप से विभिन्न ग्राम पंचायतों में पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।
अभियान के तहत बरवाडीह, खेमपुर, बागेसोती, करईल, कोन सहित कई स्थानों पर फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। इस दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पौधों की देखरेख और संरक्षण का संकल्प भी लिया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरणीय हालात को देखते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की जरूरत है।
ब्लॉक प्रमुख रूबी मिश्रा ने कहा कि पौधरोपण केवल एक अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य की नींव है। हर व्यक्ति को अपने जीवन में पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों, खेतों और आसपास के खाली स्थानों पर पौधे लगाकर क्षेत्र को हरा-भरा बनाने में सहयोग करें।
खंड विकास अधिकारी जितेंद्र नाथ दुबे ने कहा कि विकासखंड क्षेत्र में पौधरोपण अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
पौधरोपण कार्यक्रम से ग्रामीणों में भी पर्यावरण संरक्षण को लेकर उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने कहा कि हरियाली बढ़ने से न केवल वातावरण शुद्ध होगा बल्कि क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता में भी वृद्धि होगी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सेवक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






