मरीज लेकर जा रही एंबुलेंस खड़े ट्रक से टकराई, कंपाउंडर समेत कई घायल

Oplus_16908288

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

डाला (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में मरीज को जिला अस्पताल ले जा रही एक एंबुलेंस शनिवार देर रात सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में एंबुलेंस के कंपाउंडर और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मरीज के साथ मौजूद दो महिलाएं भी चोटिल हुईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था कर मरीज सहित सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा।

जानकारी के अनुसार, म्योरपुर से रेफर किए गए मरीज तारा सिंह को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। शनिवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे डाला चौकी क्षेत्र के बाजार स्थित रामलीला मैदान के आगे वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से एंबुलेंस पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में एंबुलेंस के कंपाउंडर सुखवीर सिंह और चालक सत्येन्द्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं मरीज के साथ मौजूद संगीता और अनुराधा, निवासी कुंडाडीह (म्योरपुर), को भी मामूली चोटें आईं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए गंभीर रूप से घायल कंपाउंडर को प्राथमिक उपचार दिलाया और बाद में दूसरी एंबुलेंस से सभी को जिला अस्पताल रेफर कराया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे अनियंत्रित ढंग से खड़े भारी वाहनों पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि डाला बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्र में दिन-रात ट्रक खड़े रहने से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई बार इन हादसों में लोगों की जान भी जा चुकी है। लोगों का आरोप है कि ट्रक चालक ट्रांसपोर्ट कंपनियों से बिल्टी और अन्य दस्तावेज लेने के बहाने घंटों सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1547
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?