खाद की किल्लत पर फूटा किसानों का गुस्सा, अधिक कीमत वसूलने के आरोप में दुकानदारों के खिलाफ प्रदर्शन

Oplus_16908288

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- किसानों का प्रदर्शन, बोले- खाद के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा, प्रशासन ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा

बभनी (सोनभद्र) । खरीफ सीजन के बीच खाद की किल्लत और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूले जाने के आरोपों ने सोनभद्र के बभनी क्षेत्र में किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार को आसनडीह में बड़ी संख्या में किसानों ने विरोध प्रदर्शन कर लाइसेंसी खाद विक्रेताओं पर मनमानी करने का आरोप लगाया और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि क्षेत्र में खाद की उपलब्धता पहले से ही सीमित है। ऐसे में कई लाइसेंसी दुकानदार निर्धारित सरकारी मूल्य से अधिक कीमत वसूल रहे हैं। किसानों का आरोप है कि मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे अतिरिक्त रकम ली जा रही है, जिससे खेती की लागत लगातार बढ़ रही है।

किसानों ने बताया कि धान सहित खरीफ फसलों की बुआई और फसल प्रबंधन के लिए इस समय खाद की सबसे अधिक आवश्यकता है। लेकिन उन्हें एक दुकान से दूसरी दुकान तक भटकना पड़ रहा है। कई स्थानों पर खाद उपलब्ध नहीं है, जबकि जहां उपलब्ध है वहां अधिक कीमत मांगी जा रही है। इससे खेती के जरूरी कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं और फसल उत्पादन पर भी संकट गहराने लगा है।

प्रदर्शन में शामिल किसानों संजय कुमार, गोरेलाल, बलराम, सुरेश कुमार, मंतोष कुमार, कामेश्वर प्रसाद, मोहर, विजय कुमार, रामजनम सहित अन्य किसानों ने प्रशासन से मांग की कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए तथा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने वाले दुकानदारों के लाइसेंस निरस्त कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस मामले में सहायक विकास अधिकारी (कृषि) नीरज साहू ने बताया कि किसानों की शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कोई लाइसेंसी विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1547
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?