एक सड़क हादसे में महिला गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
म्योरपुर/सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में रविवार को हुई अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया गया। इनमें तीन लोगों ने विषाक्त पदार्थ का सेवन किया है, जबकि एक महिला सड़क हादसे में घायल हुई है। पहली घटना म्योरपुर थाना क्षेत्र के कुसुम्हा गांव की है, जहां 35 वर्षीय विद्यावती पत्नी उमाशंकर ने पति से विवाद के बाद चूहे मारने की दवा खा ली, जिससे वह अचेत हो गई।दूसरी घटना किरबिल गांव में हुई। यहां 40 वर्षीय आशा कार्यकत्री राजकुमारी पत्नी रामसजीवन ने पति से विवाद के बाद सब्जियों में डाले जाने वाले कीटनाशक का सेवन कर लिया। तीसरी घटना बभनी थाना क्षेत्र के अहिरबुढ़वा गांव में हुई। 25 वर्षीय सरिता पत्नी राजेन्द्र पति के ससुराल जाने की बात से नाराज होकर कीटनाशक पी गईं। अचेतावस्था में उन्हें सीएचसी म्योरपुर लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. धर्मराज मौर्या ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चौथी घटना म्योरपुर-लिलासी मार्ग पर जामपानी गांव के पास शुक्रवार रात करीब 8 बजे हुई। बघमंदवा निवासी राजेंद्र प्रसाद अपनी 40 वर्षीय पत्नी विमला देवी के साथ साप्ताहिक बाजार से पैदल लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही बाइक ने धक्का मार दिया। हादसे में विमला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भी जिला अस्पताल रेफर किया गया है।






