सोनभद्र। ऑल इण्डियन फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन, उ0प्र0 के बैनर तले प्रदेश भर के उचित दर विक्रेताओं ने खाद्यान्न एवं चीनी के लाभांश में बढ़ोत्तरी और न्यूनतम इनकम गारंटी की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कोटेदारों का कहना है कि शासन के आदेशानुसार राशन वितरण तो कराया जा रहा है, लेकिन प्रति कुंतल मात्र 90 रुपये का लाभांश मिलता है, जबकि हरियाणा में 200 रुपये, दिल्ली में 200 रुपये और गोवा में 230 रुपये दिया जा रहा है।
एसोसिएशन ने मांग की है कि प्रति कुंतल लाभांश 200 रुपये किया जाए और प्रति दुकान 20,000 रुपये न्यूनतम इनकम गारंटी दी जाए। कोटेदारों का कहना है कि बढ़ती महंगाई में वर्तमान लाभांश से परिवार का भरण-पोषण संभव नहीं है। इसी कारण संगठन में आक्रोश बढ़ रहा है।जिला अध्यक्ष,विनोद कुमार ने चेतावनी दी कि यदि अगस्त 2026 तक मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेश के 80 हजार कोटेदार खाद्यान्न वितरण से विरत रहेंगे। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदेश महामंत्री शिवेश तिवारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष मुन्नीलाल गुप्ता और प्रदेश अध्यक्ष अशोक सिंह ने भी शासन से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
ज्ञापन पर जिला महामंत्री सहित 50 से अधिक कोटेदारों के हस्ताक्षर हैं। कोटेदारों ने कहा कि जब तक निर्णय नहीं होता, वे आंदोलन जारी रखेंगे।






