चंदौली जिले के नौगढ़ में वन महोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को नौगढ़ तहसील परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही 80 लोगों को निःशुल्क पौधे वितरित कर उन्हें अपने घरों और आसपास पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार मिश्रा और तहसीलदार राहुल सिंह ने लोगी में निःशुल्क पौधा वितरण कर किया।
उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकेगा।
नौगढ़ रेंजर संजय श्रीवास्तव ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप वन महोत्सव के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे। इससे हरित आवरण बढ़ेगा, जैव विविधता को संरक्षण मिलेगा और पर्यावरण संतुलन भी मजबूत होगा।

कार्यक्रम में तहसीलदार राहुल सिंह, विवेकानंद, प्रशांत कुमार, जयप्रकाश यादव, मटर माली सहित तहसील के कर्मचारी, बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।






