दीवार के छेद में छिपे कोबरा ने चारपाई पर खेल रही मासूम को काटा
म्योरपुर, सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के संवरा गांव में बुधवार करीब 11 बजे सर्पदंश से 9 महीने की मासूम राखी की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार संवरा निवासी सोनू कुमार की पुत्री राखी घर में चारपाई पर खेल रही थी। खेल-खेल में उसका बायां हाथ चारपाई के नीचे चला गया। वहां दीवार के छेद में बैठे जहरीले कोबरा सांप ने उसके हाथ में डस लिया। मासूम के रोने की आवाज सुनकर परिजन दौड़े तो हाथ से खून निकल रहा था और छेद में सांप बैठा दिखा। परिजन तुरंत बाइक से बच्ची को सीएचसी म्योरपुर ले गए, जहां डॉ. संजीव बिंद ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन अस्पताल परिसर में दहाड़े मारकर रोने लगे। स्वास्थ्य कर्मियों ने मेमो के जरिए पुलिस को सूचना दे दी है। परिजनों ने बताया कि मृतका का पिता सोनू कुमार गुजरात में रहकर काम करता है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।







