ग्रामीणों ने की सफाई व मरम्मत की मांग, अधिकारी ने नहीं उठाया फोन
म्योरपुर, सोनभद्र। विकासखंड म्योरपुर के हनुमान मंदिर के पास स्थित छठ घाट पर साफ-सफाई की बदइंतजामी से ग्रामीणों व दुकानदारों में नाराजगी है। घाट के चारों ओर कूड़े के ढेर, गंदी प्लास्टिक, शराब की बोतलें और जलकुंभी जमा है। तालाब के पानी में भी गंदगी तैर रही है, जिससे दुर्गंध फैल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल छठ पूजा पर हजारों व्रती यहां अर्घ्य देने आते हैं। घाट पर न तो सफाई हुई है और न ही टूटी सीढ़ियों की मरम्मत कराई गई है। म्योरपुर कई गांवों का मुख्य बाजार केंद्र है, जहां लोग लेन-देन के लिए आते हैं। ग्रामीण विकास, विनोद, दीना, श्यामजी, संतोष, अशोक, मोनू, अखिलेश, प्रवीण, शंकर, अमित आदि व स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि केंद्र-प्रदेश सरकार स्वच्छता पर जोर दे रही है, लेकिन म्योरपुर में हालात उल्टे हैं। लोगों ने मांग की है कि तत्काल छठ घाट की सफाई कराई जाए, तालाब से जलकुंभी हटाई जाए, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव हो और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था की जाए।इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी राघवेन्द्र सिंह से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।






