सारथी सम्मेलन 2026’ में सुरक्षा, सम्मान और नशामुक्ति का लिया संकल्प

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- बभनी में आयोजित ‘सारथी सम्मेलन 2026’ में ड्राइवरों ने सामाजिक सुरक्षा, बीमा, दुर्घटना सहायता और पार्किंग जैसी सुविधाओं की मांग उठाई।

O- नशामुक्ति का सामूहिक संकल्प भी लिया गया और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का निर्णय लिया गया।

बभनी (सोनभद्र)। सड़क परिवहन व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले ड्राइवरों के अधिकार, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान को लेकर छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन, ब्लॉक बभनी के तत्वावधान में ‘सारथी सम्मेलन 2026’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में ड्राइवरों की समस्याओं, संगठन विस्तार, सामाजिक सुरक्षा और नशा उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई तथा कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए।

सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था और परिवहन व्यवस्था को गति देने में ड्राइवरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन आज भी उन्हें पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा, सुविधाएं और सम्मान नहीं मिल पा रहा है। संगठन ने ड्राइवरों के लिए बीमा योजना, दुर्घटना सहायता, सुरक्षित पार्किंग स्थल और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की मांग को लेकर प्रशासन को जल्द ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया।

ब्लॉक अध्यक्ष मो. असलम खान ने कहा कि ड्राइवर समाज की मजबूती ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन को ड्राइवरों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कदम उठाने होंगे। संगठन अपने अधिकारों और सुविधाओं के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा।

बैठक में बताया गया कि विकास खंड बभनी के बड़होर गांव में लगभग 250 लोग ड्राइविंग को अपना मुख्य रोजगार बनाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। ऐसे में इस वर्ग के हितों की रक्षा करना समय की आवश्यकता है।

सम्मेलन का एक महत्वपूर्ण विषय नशा उन्मूलन भी रहा। उपस्थित सभी ड्राइवरों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त रहने और सुरक्षित वाहन संचालन का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्त ड्राइवर न केवल अपनी बल्कि यात्रियों और समाज की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है। संगठन भविष्य में भी जनजागरूकता अभियान चलाकर नशामुक्ति का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाएगा।

ब्लॉक महासचिव नसरूद्दीन खान ने बताया कि संगठन को और मजबूत बनाने के लिए जल्द ही गांव-गांव सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक ड्राइवर संगठन से जुड़कर अपने अधिकारों की लड़ाई को मजबूती दे सकें।

सम्मेलन में सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर ड्राइवरों के हितों की रक्षा, सामाजिक सुरक्षा और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक उपाध्यक्ष रिजवान अहमद ने किया, जबकि अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष मो. असलम खान ने की। इस अवसर पर ब्लॉक कोषाध्यक्ष राजू यादव, कोहीनूर सेठ, मो. जाविद, मंजर अली, छोटू खान सहित बड़ी संख्या में ड्राइवर सदस्य उपस्थित रहे।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?