डीआईजी के एक सवाल ने बदल दी 40 वनवासी महिलाओं की किस्मत, पहली बार करेंगी बाबा विश्वनाथ के दर्शन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ विकासखंड के सुदूर वनांचल में रहने वाली करीब 40 महिलाओं का वर्षों पुराना सपना सोमवार को साकार होने जा रहा है। वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण की पहल पर पंडी गांव की महिलाएं पहली बार काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना होंगी।

बिहार सीमा से सटे नौगढ़ तहसील के अंतिम छोर पर स्थित पंडी गांव में 14 जून को ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत डीआईजी वैभव कृष्ण और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल पहुंचे थे। गांव भ्रमण के दौरान डीआईजी ने महिलाओं से बातचीत में पूछा कि क्या वे कभी वाराणसी गई हैं। इस पर महिलाओं ने बताया कि आर्थिक तंगी, परिवहन सुविधाओं के अभाव और घरेलू जिम्मेदारियों के कारण उन्हें कभी गांव से बाहर जाने का अवसर नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन की इच्छा तो हमेशा रही, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने के कारण यह सपना अधूरा रह गया।

महिलाओं की बात सुनकर डीआईजी ने तत्काल उनके लिए काशी विश्वनाथ धाम की यात्रा कराने का निर्णय लिया। इसी के तहत सोमवार को करीब 160 किलोमीटर दूर जंगलों के बीच बसे पंडी गांव से महिलाएं वाराणसी पहुंचेंगी। यात्रा के दौरान वे बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के साथ शहर के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भी भ्रमण करेंगी।

यह यात्रा इन महिलाओं के लिए केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि पहली बार अपने गांव से बाहर निकलकर नई दुनिया देखने का अवसर भी है। चंदौली पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। हालांकि यह पहल उन दूरदराज के गांवों की तस्वीर भी सामने लाती है, जहां आज भी संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण लोग अपने जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक नहीं पहुंच पाए हैं।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?