सी एस पाण्डेय
O- साइबर ठगी पर बभनी पुलिस का त्वरित एक्शन, NCRP और MRM पोर्टल की मदद से पीड़िता को मिली राहत
बभनी (सोनभद्र) । बढ़ते साइबर अपराधों के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार पीड़ितों को राहत दिलाने में सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में सोनभद्र जिले की बभनी पुलिस ने एक महिला के खाते से धोखाधड़ी कर निकाले गए 7,000 रुपये सफलतापूर्वक वापस कराकर साइबर अपराधियों के खिलाफ अपनी त्वरित कार्रवाई का उदाहरण पेश किया है।
जानकारी के अनुसार, बभनी थाना क्षेत्र के ग्राम बहेराडोल घघरा निवासी प्रतिमा पत्नी शिवनाथ के बैंक खाते से अज्ञात साइबर ठगों ने बिना ओटीपी के 7,000 रुपये की अवैध निकासी कर ली। घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल थाना बभनी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव के नेतृत्व में बभनी थाना की साइबर टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल NCRP (National Cyber Crime Reporting Portal) पर शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर धनराशि को होल्ड कराया गया और MRM पोर्टल की सहायता से पूरी 7,000 रुपये की राशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी गई।
राशि वापस मिलने के बाद पीड़िता प्रतिमा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी दुद्धी, प्रभारी निरीक्षक बभनी तथा साइबर टीम का आभार व्यक्त किया और उनकी त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
इस सराहनीय कार्यवाही में उपनिरीक्षक नवरंजन लाल, हेड कांस्टेबल मोहम्मद सलीम, कांस्टेबल धनश्याम पाल एवं कांस्टेबल सुधीर कुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बभनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो बिना देर किए नजदीकी थाना या साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।






