वन दरोगा बंधु राम बोले- अज्ञात तस्करों के खिलाफ वन अधिनियम में मामला दर्ज, जांच जारी
म्योरपुर, सोनभद्र। वन प्रभाग रेणुकूट अंतर्गत म्योरपुर रेंज के खाटाबरन जंगल में खैर के बहुमूल्य वृक्षों की अवैध कटान का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार तस्कर जंगल से करीब आधा दर्जन खैर के पेड़ काटकर ले गए, लेकिन वन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। घटना के बाद क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार बढ़ रही कटान से तस्करों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जंगलों में लगातार हो रही कटान के पीछे किसी न किसी स्तर पर संरक्षण मिलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि कार्रवाई से बचने के लिए कथित तौर पर मोटी रकम संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाती है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना को लेकर वन दरोगा बंधु राम ने बताया कि अज्ञात कटान कर्ताओं के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। कटे हुए वृक्षों का विवरण संकलित कर मामले की जांच की जा रही है और अवैध कटान में शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वन विभाग का कहना है कि दोषियों की पहचान होते ही उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वन कर्मियों की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और तस्करों पर कड़ी नजर रखने की बात कही है।






