अपना दल एस के दिनेश बियार बोले- NMNF योजना से रसायन मुक्त खेती को मिलेगा बढ़ावा, किसान बंधु हुए उत्साहित
सोनभद्र। नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजनांतर्गत कृषि भवन परिसर मंगुराही में आयोजित दो दिवसीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला का समापन शुक्रवार को मुख्य अतिथि जनपद सोनभद्र के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की उपस्थिति में हुआ। एनडीए सरकार के केंद्र में 12 साल पूरे होने पर कार्यक्रम को “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के 12 साल” थीम पर केंद्रित किया गया। प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने किसान कल्याण और सतत कृषि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग 2026-2027 के तहत किसानों को रसायन मुक्त खेती, गोबर-गौमूत्र आधारित जैविक खाद और कम लागत में अधिक उत्पादन के तरीके सिखाए गए हैं। इससे मिट्टी की उर्वरता बचेगी और किसानों की आय बढ़ेगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अपना दल एस के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिनेश बियार ने सहभाग किया। उन्होंने कहा कि NMNF योजना के तहत सोनभद्र के किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया जाएगा। राज्य मंत्री/अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीतसिंह खरवार, भाजपा जिला प्रभारी अनिल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष नन्दलाल, विधायक घोरावल डॉ. अनिल मौर्य, पूर्व सांसद नरेन्द्र कुशवाहा, रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, उप कृषि निदेशक राजकुमार, जिला कृषि अधिकारी वीरेन्द्र कुमार सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे। कार्यशाला में किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकी जानकारी दी गई और सफल कृषकों को सम्मानित किया गया।






