बच्चों-शिक्षकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रख बढ़ाया जाए ग्रीष्मावकाश:जिलाध्यक्ष योगेश पाण्डेय
सोनभद्र। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद सोनभद्र ने भीषण गर्मी व हीटवेव को देखते हुए परिषदीय विद्यालयों का ग्रीष्मावकाश 30 जून तक बढ़ाने की मांग की है। संघ के प्रदेश संगठन मंत्री/जिलाध्यक्ष योगेश कुमार पाण्डेय ने 16 जून 2026 को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर परिषदीय विद्यालय बंद करने का अनुरोध किया।
पत्र में योगेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान में उमस भरी गर्मी और अत्यधिक धूप पड़ रही है। लोग घरों में रहकर हीटवेव से बच रहे हैं। ऐसे में 16 जून से परिषदीय विद्यालय खोलना बच्चों और शिक्षकों के स्वास्थ्य के लिए असंवेदनशील है। शासन स्तर से माध्यमिक व उच्च शिक्षा संस्थान 30 जून तक बंद हैं, तो परिषदीय विद्यालय खोलना तर्कसंगत नहीं है।
उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ शिक्षकों ने जनगणना के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक पूरा कर जनपद का स्थान 7वें पर लाकर गर्व दिलाया है, वहीं उनके साथ ऐसा व्यवहार उचित नहीं है।
योगेश कुमार पाण्डेय ने बीएसए से निवेदन किया कि भीषण गर्मी व हीटवेव के चलते ग्रीष्मावकाश को 30 जून तक बढ़ाया जाए ताकि बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर न पड़े। पत्र की प्रति जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी सोनभद्र को भी भेजी गई है।






