सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सको व सुविधाओ की उठी मांग, प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नवीन कुमार

भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (काशी क्षेत्र) कुसुम शर्मा ने जिला प्रभारी मन्त्री को दिया मांग पत्र

दो लाख आबादी के लोगों की सेहत भगवान भरोसे

कोन(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। जनपद के विकास खण्ड विकास कोन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चिकित्सकों और मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव को लेकर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष महिला मोर्चा (काशी क्षेत्र) कुसुम शर्मा ने जिला प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को पत्र देकर शीघ्र स्वास्थ व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लगभग दो लाख की आबादी वाले इस आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है,जिसके कारण आये दिन झोलाछाप चिकित्सको के चक्कर मे फंस कर लोग मौत के गाल में समा रहे है।


जिला प्रभारी मंत्री को सौंपे क्षेत्रीय उपाध्यक्ष महिला मोर्चा ने  मांग किया कि सीएचसी कोन नाम मात्र का अस्पताल बनकर रह गया है। अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकों की नियुक्ति न होने के कारण मरीजों को बेहतर इलाज के लिए करीब 75 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय का रुख करना पड़ता है। वर्तमान में अस्पताल में केवल एक चिकित्सक तैनात हैं, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को समुचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है।


पत्र में विशेष रूप से महिला चिकित्सक,हड्डी रोग विशेषज्ञ तथा बाल रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की मांग की गई है। बताया गया कि महिला डॉक्टर के अभाव में गर्भवती महिलाओं को प्रसव और अन्य स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के लिए जिला अस्पताल जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और शारीरिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।


इसके अलावा अस्पताल में ऑक्सीजन, आपातकालीन उपचार तथा आवश्यक जांच सुविधाओं के अभाव का भी मुद्दा उठाया गया है। क्षेत्र के सैकड़ों मरीज प्रतिदिन मजबूरी में निजी अस्पतालों का सहारा लेने को विवश हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।


महिला मोर्चा की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ने प्रभारी मंत्री से आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एक महिला चिकित्सक सहित तीन विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि शासन स्तर पर इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा।

Leave a Comment

1494
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?