रॉबर्ट्सगंज में ज्वैलरी शॉप में बड़ी चोरी, शटर तोड़कर 5 लाख के सोने-चांदी के गहने ले उड़े चोर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) । रॉबर्ट्सगंज कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी नहर (मरकरी) के पास बीते बृहस्पतिवार की रात चोरों ने एक ज्वैलरी दुकान को निशाना बनाते हुए करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित दुकानदार रजनीश सेठ पुत्र सुदामा सेठ, निवासी सिद्धि कला, थाना रॉबर्ट्सगंज ने बताया कि वह गुरुवार की शाम करीब सात बजे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह लगभग पांच बजे उन्हें फोन के जरिए सूचना मिली कि दुकान का शटर खुला हुआ है। सूचना मिलते ही जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ था और दुकान के अंदर अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।

दुकानदार के अनुसार चोर करीब दो किलोग्राम चांदी के आभूषण और लगभग आठ ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और सीओ सदर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्त नाकाफी साबित हो रही है। गौरतलब है कि इससे पहले 28 अगस्त 2025 को भी रॉबर्ट्सगंज के नई बाजार स्थित बालाजी ज्वैलर्स में दुस्साहसिक तरीके से चोरों ने करीब 200 ग्राम सोना और 10 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। उसी रात मरकरी गांव के पास एक फर्नीचर की दुकान और एक बाइक चोरी की घटनाएं भी सामने आई थीं।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?