अमित मिश्रा
जिलाधिकारी ने तत्काल छात्रवृत्ति भुगतान के दिए निर्देश
मानवीय पहल से परिजनों की आंखों में छलके खुशी के आंसू
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जिलाधिकारी कार्यालय पर गुरुवार को मानवता और सम्वेदनशीलता व प्रेरणादायक उदहारण तब देखने को मिला जब जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के समक्ष प्राथमिक विद्यालय बंजरिया के छात्र रवि पटेल पुत्र कमलेश पटेल ने प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर बताया कि वह दोनों पैरों से दिव्यांग है तथा कक्षा-5 की छात्रवृत्ति की धनराशि अभी तक उसे प्राप्त नहीं हुई है। जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल सम्बंधित को निर्देश दिया और बालक को एक व्हीलचेयर प्रदान किया।
दिव्यांग छात्र की स्थिति को देखकर जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारियों को छात्र को तुरंत ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिसके क्रम में जिलाधिकारी ने स्वयं अपने हाथों से रवि पटेल को ट्राइसाइकिल प्रदान की।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि छात्र की लंबित छात्रवृत्ति की धनराशि का तत्काल सत्यापन कर उसे उसके बैंक खाते में प्रेषित कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी की इस संवेदनशील एवं मानवीय पहल से छात्र रवि तथा उसके परिजनों के चेहरे पर खुशी झलक उठी। ट्राइसाइकिल प्राप्त होने पर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े और उन्होंने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। जनसुनवाई में की गई यह पहल प्रशासन की जनकल्याणकारी एवं संवेदनशील कार्यशैली का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनी।






