अमित मिश्रा
O- सोनभद्र में कनहर डैम परियोजना पर ग्रामीणों का विरोध, किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने दी आंदोलन की चेतावनी
कोन (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद में करोड़ों की लागत से बन रही कनहर डैम नहर परियोजना को लेकर किसानों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। कोन क्षेत्र के झरिया बन्धी, मोहुद्दीनपुर, खेमपुर, कोलडिहवा, रामगढ़, नौडिहा और निगाई बगिया समेत कई गांवों के किसानों ने आरोप लगाया है कि बनाई जा रही नहर खेतों के स्तर से काफी नीचे है, जिससे सिंचाई संभव नहीं हो पाएगी और पूरी परियोजना किसानों के लिए बेकार साबित होगी।
ग्रामीणों के लगातार विरोध और शिकायतों के बाद किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में झरिया बन्धी पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और मौके की स्थिति का जायजा लिया। किसानों का कहना था कि यदि नहर का पानी खेतों तक ही नहीं पहुंचेगा, तो करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई जा रही इस परियोजना का क्या औचित्य रह जाएगा।
मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र ने कनहर परियोजना के चीफ इंजीनियर नीरज से बातचीत करते हुए मांग की कि नहर निर्माण किसानों की प्राथमिकता और वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और परियोजना अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर तकनीकी खामियों को दूर नहीं करते हैं, तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई के लिए बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा।
संदीप मिश्र ने कहा कि “सरकार किसानों की आय बढ़ाने और सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर यदि ऐसी लापरवाही होगी तो किसानों का भरोसा टूटेगा। नहर ऐसी बने जिससे खेतों तक पानी पहुंचे, केवल कागजों में विकास दिखाने से किसानों का भला नहीं होगा।”
ग्रामीणों ने मांग की कि जिन किसानों की भूमि परियोजना में प्रभावित हो रही है उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए और तकनीकी रूप से ऐसी नहर बनाई जाए जिससे हर खेत तक पानी पहुंच सके। किसानों का कहना है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो क्षेत्र में बड़ा जनआंदोलन खड़ा होगा।
कार्यक्रम में श्रवण कनौजिया, सम्पूर्णानन्द जायसवाल, छोटेलाल बिन्द, नन्दकिशोर बियार, कमलेश चन्द्र पाण्डेय, रवि शाह, सुरेश, आकाश चौहान, शत्रुधन बिन्द, विजय चौहान, अरविन्द चौहान समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।







