डीएम चर्चित गौड़ बोले- पीड़ितों को न्याय मिलेगा, मामले की जांच कराई जाएगी
म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय ब्लॉक के फरीपान निवासी रामनारायण और उनके भाइयों तथा विधवा भाभी ने शनिवार रात कुदरी में आयोजित जन चौपाल में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को ज्ञापन देकर राजस्व कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए। पीड़ित परिवार का कहना है कि एक ही जमीन का दो लोगों की वरासत लेखपाल द्वारा कर दी गई और 2 साल से तहसील के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सुधार नहीं हो रहा। पीड़ितों ने बताया कि रजिया, बेचनी विधवा पत्नी सोबरन लोहार के गांव में दो खाते हैं। एक खाते में फूलमती पुत्री बेचनी का नाम है। दूसरे खाते में फूलमति के बजाय 2017 में तत्कालीन लेखपाल ने बभनी थाना क्षेत्र के पोखरा निवासी राम गुलाम, राम किशुन और बाबू राम पुत्र सुखई के नाम वरासत कर दी। वरासत के बाद राम गुलाम और राम किशुन ने जमीन की जाति बदलकर संजय के नाम बैनामा कर दिया। जबकि तीन भाइयों में बड़े भाई बाबू राम ने दुद्धी तहसीलदार को लिखित शपथ पत्र देकर बताया है कि वे तीनों भाई बेचनी के नाती नहीं, चिमनी उर्फ नौकी नानी के नाती हैं। इसके बावजूद गलत वरासत में सुधार नहीं किया गया और आरोपियों से दस्तावेज भी नहीं मांगे गए। लेखपाल अब रिटायर हो चुके हैं। पीड़ित भाइयों ने कहा कि वे उसी जमीन पर घर बनाकर रह रहे हैं, खेती-बारी और सरकारी कूप-बावली भी है। जमीन खरीदने वाला अब कब्जे की फिराक में है। उन्होंने मांग की कि स्वतंत्र टीम गठित कर मामले की जांच कराई जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।






