बेलन नदी में नहाने गए 13 वर्षीय मासूम को खींच ले गया मगरमच्छ

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

घोरावल (सोनभद्र) । सोनभद्र जिले के घोरावल क्षेत्र में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बेलन नदी में नहाने गए 13 वर्षीय बालक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार दीवा गांव निवासी आदर्श (13 वर्ष), पुत्र बेचन, दोपहर करीब 11 बजे बेलन नदी में नहाने गया था। इसी दौरान नदी में मौजूद मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसके पैर को जबड़ों में दबोचकर गहरे पानी में खींच ले गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया।

गंभीर हालत में आदर्श को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि आदर्श अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बेलन नदी में मगरमच्छों की मौजूदगी पहले भी देखी गई है, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और लोग नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

इस हादसे ने एक बार फिर नदी किनारे बसे गांवों की सुरक्षा व्यवस्था और वन्यजीव खतरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

1492
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?