चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के भैसौड़ा गांव में एक युवक को विषैले सांप ने डस लिया। उसकी हालत गंभीर हो गई थी, लेकिन परिजनों की तत्परता और डॉक्टरों के त्वरित उपचार से उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, भैसौड़ा गांव निवासी अजमत शौच के लिए भैसौड़ा बांध की ओर गया था। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई।
बारिश से बचने के लिए अजमत बांध के नीचे पेड़ों की छांव में बैठ गया। तभी वहां मौजूद एक विषैले सांप ने उसके पैर में डस लिया। सांप के काटते ही युवक की तबीयत बिगड़ने लगी और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने अजमत की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह बांध के पास बेहोशी की हालत में मिला। परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौगढ़ पहुंचाया।
अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. सत्य सिंह ने युवक का तत्काल उपचार शुरू किया और एंटी स्नेक वेनम (ASV) इंजेक्शन दिया। करीब दो घंटे के इलाज के बाद युवक को होश आ गया।
डॉ. सिंह ने बताया कि मरीज की स्थिति में सुधार है, हालांकि उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा।






