वीरेन्द्र कुमार
कृषि विभग ने बिना बोर्ड के संचालित दुकान से लिए गए नमूने
विंढमगंज(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। जिला कृषि विभाग ने क्षेत्र में बगैर प्रमाणित धान का बीज बेचे जाने की खबर के बाद सोमवार को मुख्य बाजार में ईडीओ संदीप कुमार मौर्य एवं एडीओ कृषि दुद्धी सर्वेश कुमार सैनी की संयुक्त टीम ने बीज दुकान पर पहुंचकर बीज का सैंपल व विभिन्न अभिलेखों एवं लाइसेंसों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि दुकान बिना किसी नाम-पट्ट (बोर्ड) के संचालित की जा रही थी। ईडीओ संदीप कुमार मौर्य ने दुकानदार से दुकान संचालन की अवधि के बारे में जानकारी ली। दुकानदार ने बताया कि वह लगभग पांच वर्षों से दुकान का संचालन कर रहा है। अधिकारियों द्वारा बोर्ड न लगाए जाने का कारण पूछे जाने पर दुकानदार कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
जांच के दौरान दुकान में विभिन्न प्रकार की प्रतिबंधित दवा व बीज की बिक्री होते पाई गई। उक्त बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने संबंधित उत्पादों के नमूने (सैंपल) संग्रहित कर जांच के लिए भेज दिए। अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय कार्रवाई की सूचना मिलते ही बाजार क्षेत्र में चर्चा का माहौल रहा। अधिकारियों ने दुकानदारों से नियमों का पालन करते हुए आवश्यक लाइसेंस एवं दस्तावेजों के साथ ही व्यवसाय संचालित करने की अपील की है।





