झोलाछाप चिकित्सक और नर्स पर इनाम घोषित

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नवीन कुमार

चिकित्सक पर 25 हजार रुपये और नर्स पर 10 हजार रुपये का इनाम पुलिस अधीक्षक ने किया घोषित


कोन(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। प्रसव के दौरान महिला की मौत के मामले में फरार चल रहे झोलाछाप डॉक्टर और नर्स की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये तथा नर्स की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों आरोपितों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


गौरतलब है कि शनिवार की भोर में कोन क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान एक आशा कार्यकर्ता की मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया था। सूचना पर उपजिलाधिकारी विवेक कुमार तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने अस्पताल के संचालन और इलाज संबंधी दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी थी।


पुलिस जांच में सामने आया कि अस्पताल में बिना वैध अनुमति के इलाज और ऑपरेशन किए जा रहे थे। मामले में थाना कोन पर मुकदमा अपराध संख्या 104/2026 के तहत धारा 105, 318(4) बीएनएस तथा धारा 34 राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।

इनामी नर्स


मुकदमे में नामजद आरोपी डॉक्टर नसीम अहमद पुत्र सरफुद्दीन निवासी खरौधी तथा नर्स सलमा पत्नी आसिफ मोहम्मद निवासी देवाटन घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर इनाम घोषित करते हुए कहा है कि जो व्यक्ति उनकी गिरफ्तारी अथवा गिरफ्तारी में सहायक सूचना देगा, उसे निर्धारित इनाम राशि प्रदान की जाएगी। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को भी यह इनाम राशि दी जाएगी।


पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी क्षेत्र में संचालित निजी अस्पतालों और क्लीनिकों की जांच में जुट गया है। घटना के बाद क्षेत्र में झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

वही उपजिलाधिकारी विवेक कुमार ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में बिना मान्यता और आवश्यक अनुमति के कोई भी चिकित्सक बड़ा ऑपरेशन नहीं कर सकेगा। प्रशासन ने ऐसे संस्थानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

Leave a Comment

1484
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?