ट्रैक्टर पलटने से किशोर की मौत, तीन घायल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O-  सोनभद्र में बालू लदे ट्रैक्टर से हुए हादसे ने उठाए बड़े सवाल

O- बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर, तीन युवक गंभीर घायल; ग्रामीणों में आक्रोश

बभनी (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बभनी थाना क्षेत्र के रन्दह बाजार के समीप उस समय हुआ, जब बालू से लदा एक ट्रैक्टर सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खेत में पलट गया।

जानकारी के अनुसार सागसोती गांव से बालू लादकर ट्रैक्टर आसनडीह की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रन्दह बाजार के पास अचानक सामने से तेज गति से मोटरसाइकिल आ गई। टक्कर से बचने के प्रयास में चालक ने ट्रैक्टर का संतुलन खो दिया और भारी वाहन सड़क से उतरकर खेत में पलट गया।

हादसे में करचाटोला निवासी अवधेश यादव (17) पुत्र कैलाश यादव ट्रैक्टर के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।

घटना में राजेश (18) पुत्र नन्दकेश्वर, अरविंद (19) पुत्र पारस और छोटूराम (17) पुत्र लखन, सभी निवासी करचाटोला, गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन घायलों को बेहतर इलाज के लिए छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर ले गए, जहां उनका उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच में पहुंचे उपनिरीक्षक अखिलेश पाठक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लगातार हो रहे सड़क हादसों और ओवरलोडेड वाहनों की आवाजाही ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बालू लदे वाहनों की निगरानी बढ़ाई जाए और तेज रफ्तार व लापरवाह ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?