वीरेंद्र कुमार
O- सोनभद्र में देर रात हादसे से मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने चालक को घेरा; पुलिस ने बचाई जान
विंढमगंज (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के विंढमगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा उस समय हो गया, जब कार चलाना सीख रहे युवक का वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पार स्थित दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान पर बैठा 17 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली गांव में शनिवार रात लगभग 10:45 बजे रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित खेल मैदान में कुछ युवक कार चलाना सीख रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नया चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद तेज रफ्तार कार सड़क पार करते हुए सीधे एक दुकान में जा घुसी। दुकान पर मौजूद शिवम कुमार गुप्ता (17) पुत्र राजकुमार गुप्ता कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने कार चला रहे युवकों को घेर लिया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख सूचना पर पहुंचे उप निरीक्षक नंदकिशोर यादव ने मोर्चा संभाला और ग्रामीणों को शांत कराते हुए घायल युवक को कार के नीचे से बाहर निकलवाया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिवम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धि भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी रखी गई। परिजनों के अनुसार युवक को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर चालक सहित संबंधित युवकों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक अनुभवहीन था और खुले मैदान में वाहन चलाने का अभ्यास कर रहा था, लेकिन नियंत्रण बिगड़ने से बड़ा हादसा हो गया।
इस घटना के बाद इलाके में सड़क सुरक्षा और बिना प्रशिक्षण वाहन चलाने को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नाबालिगों और अनुभवहीन चालकों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।






