सीडीओ ने की रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के विकास कार्यों की समीक्षा, ग्रामीण आवास व मनरेगा पर विशेष जोर
सोनभद्र। मंगलवार को विकास खंड रॉबर्ट्सगंज के विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में की गई। बैठक में डीडीओ, डीसी मनरेगा, पीडी डीआरडीए, बीडीओ रॉबर्ट्सगंज, एडीओ पंचायत रॉबर्ट्सगंज, ग्राम पंचायत सचिव एवं अवर अभियंता आदि उपस्थित रहे।
बैठक में ग्रामीण आवास, मनरेगा, आजीविका मिशन तथा पंचायती राज विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने सभी योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अवशेष कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीण आवास योजना के तहत लाभार्थियों को समय से आवास उपलब्ध कराने, मनरेगा में लक्ष्य के सापेक्ष मानव दिवस सृजन बढ़ाने तथा जॉब कार्ड धारकों को रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। सीडीओ ने आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने और पंचायती राज विभाग के कार्यों में पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में भ्रमण कर योजनाओं का स्थलीय सत्यापन करें और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।






