कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन, राष्ट्रपति नामित ज्ञापन सौंपकर ईंधन कीमतें कम करने की मांग
सोनभद्र। जिला कांग्रेस कमेटी सोनभद्र ने देश में लगातार बढ़ रही महंगाई और ईंधन की कीमतों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को एक ज्ञापन भेजकर बढ़ी हुई कीमतें तुरंत वापस लेने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामराज सिंह गोंड के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में कहा गया है कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, और घरेलू व व्यावसायिक रसोई गैस सिलेंडरों के दामों में लगातार बेतहाशा वृद्धि की जा रही है। इससे परिवहन महंगा हो गया है और दैनिक उपभोग की हर वस्तु के दाम आसमान छू रहे हैं। महंगाई की इस मार से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग का जीना दूभर हो गया है। छोटे दुकानदार और ठेला-खोमचा लगाने वाले लोग भी इस संकट से बुरी तरह प्रभावित हैं।
कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए, घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दाम कम कर आम जनता को राहत दी जाए, और देश में बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए एक ठोस नीति बनाकर उसे अविलंब लागू किया जाए।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामराज सिंह गोंड सहित कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि सरकार ने बढ़ती कीमतों पर जल्द ही लगाम नहीं लगाई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष फरीद अहमद, नि. प्रदेश सचिव जितेन्द्र पासवान, कमलेश ओझा, पूर्व शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष बृजेश तिवारी, कोषाध्यक्ष राजबली पांडे, शारद पनिका, सुनीता तिवारी, जिला महासचिव प्रवक्ता इनामुल हक अंसारी, पिछड़ा प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सेतराम केशरी, पीसी सदस्य आशुतोष कुमार दुबे, आरटीआई जिला चेयरमैन श्रीकांत मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।






