करुणा अग्रवाल के नेतृत्व में हुआ आयोजन, बहू स्वाती को महिला मंडल ने किया सम्मानित
सोनभद्र। बट सावित्री अमावस्या के अवसर पर शनिवार की देर शाम श्री राणी सती दादी मंदिर में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं द्वारा विधि-विधान से बट सावित्री पूजा संपन्न की गई, जिसके पश्चात श्री राणी सती दादी का भव्य कीर्तन आयोजित हुआ।


यह आयोजन करुणा अग्रवाल (बीएफसी) के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कीर्तन के दौरान महिलाओं ने भक्ति गीतों एवं भजनों के माध्यम से दादी के दरबार में अपनी श्रद्धा अर्पित की।कार्यक्रम के अंतर्गत मातृत्व दिवस भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सभी महिलाओं ने केक काटकर इस विशेष अवसर को उत्सव के रूप में मनाया। साथ ही, स्वर्गीय मीना अग्रवाल को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया, जो दादी भक्त महिला मंडल की प्रथम सदस्य थीं और जिन्होंने इस समूह की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी स्मृति में उनकी बहू स्वाती अग्रवाल को महिला मंडल की ओर से सम्मानित किया गया। श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल की अध्यक्ष एडवोकेट अनीता थरड ने कहा कि मंडल भविष्य में भी इसी प्रकार धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाजसेवा करता रहेगा। वहीं मंडल की कोषाध्यक्ष मीरा जालान ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि हमारा दादी भक्त महिला मंडल निरंतर नए एवं प्रेरणादायक कार्य करता रहेगा।कार्यक्रम का समापन महिलाओं के बीच नाश्ता, प्रसाद, केक एवं कोल्ड ड्रिंक वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर शीला जैन, सुनीता साँवरिया, उषा जालान, सुमन केजरीवाल, सुषमा शर्मा, बाबी जालान, एकता केजरीवाल, रेखा चौधरी, सोनी गुप्ता, बबली केजरीवाल, चाँदनी अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, रितु जालान, अनीता कानोडियाँ, सुनीता साराफ, रुचि साँवरिया, रेनु केजरीवाल, ज्योति शर्मा, पायल गोयल, नीलम अग्रवाल, कुसुम अग्रवाल सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।






