अमित मिश्रा
ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस का बड़ा प्रहार
चोपन के डाला चढ़ाई में आरोपी की पत्नी के नाम पर बने मकान पर हुई कार्रवाई,
अब तक सात मामलों में 6.43 करोड़ की संपत्ति जब्त और फ्रीज
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से अकूत संपत्ति अर्जित करने वाले तस्करों के खिलाफ आर्थिक मोर्चे पर बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन शुद्धि के तहत हेरोइन तस्करी के मामले में जेल में बंद सुधीर उर्फ छोटे की पत्नी सुनीता देवी उर्फ बुचिया के नाम पर बने करीब 87 लाख रुपये के मकान को पुलिस ने कुर्क कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उक्त मकान का निर्माण हेरोइन तस्करी से अर्जित अवैध धनराशि से कराया गया था। एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम ओबरा रवि कुमार, सीओ सिटी रणधीर मिश्रा सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
पूरा मामला चोपन थाना क्षेत्र के डाला चढ़ाई का है, पुलिस के अनुसार, मकान संख्या 40026 स्थित इस अचल संपत्ति की कीमत 87 लाख 4 हजार 283 रुपये 59 पैसे आंकी गई है। सक्षम प्राधिकारी एवं एनडीपीएस अधिनियम के तहत नई दिल्ली से जारी आदेश के अनुपालन में 22 नवंबर को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत संपत्ति को फ्रीज और कुर्क करने की कार्रवाई की गई। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मकान पर कुर्की की प्रक्रिया पूरी की गई।
1.20 किलो हेरोइन के साथ पांच तस्कर हुए थे गिरफ्तार
गौरतलब है कि 11 सितंबर 2026 को चोपन थाना पुलिस ने हेरोइन तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 1 किलो 204 ग्राम हेरोइन के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 40 लाख रुपये बताई थी। इस मामले में दर्ज मुकदमे में अब तक कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि छह अन्य आरोपी अभी भी वांछित हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। इसी मामले में सुधीर उर्फ छोटे भी जेल में बंद है। पुलिस के मुताबिक, उसकी पत्नी सुनीता देवी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
सात मामलों में 6.43 करोड़ से अधिक की संपत्ति पर कार्रवाई
नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ रहा है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68E और 68F के तहत सोनभद्र जनपद में अब तक सात अलग-अलग मामलों में कुल 6 करोड़ 43 लाख 29 हजार 978 रुपये 59 पैसे की संपत्ति जब्त और फ्रीज की जा चुकी है। इसमें रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में कोडीनयुक्त कफ सिरप से जुड़े मामले की करीब 4.50 करोड़ रुपये की संपत्ति, अनपरा में हेरोइन तस्करी से जुड़ी करीब 26 लाख रुपये की संपत्ति तथा शक्तिनगर और म्योरपुर के मामलों में चिह्नित अवैध संपत्तियां भी शामिल हैं।
गिरफ्तारी के साथ अवैध आर्थिक साम्राज्य पर भी चोट
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी से अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अब कार्रवाई केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के कारोबार से खड़ी की गई संपत्तियों को भी कानून के तहत जब्त और फ्रीज किया जा रहा है।









