मौत का तांडव: तेज रफ्तार टिपर ने युवक को रौंदा, एक हफ्ते में दूसरी जान गई

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

चोपन (सोनभद्र) । बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ओबरा थाना क्षेत्र में राधे-राधे इंटरप्राइजेज खदान के सामने पत्थर लदे एक बेलगाम टिपर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

मृतक की पहचान 24 वर्षीय निखिल चौरसिया पुत्र नंदलाल चौरसिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक सड़क से गुजर रहा था, तभी खदान से निकल रहे तेज रफ्तार टिपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में संचालित खदानों से निकलने वाले भारी वाहन नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। ज्यादा ट्रिप लगाने की होड़ में चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है, लेकिन प्रशासन और खनन विभाग अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सका है। हादसे के बाद लोगों ने भारी वाहनों की गति नियंत्रण, सुरक्षा मानकों के पालन और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सीएचसी चोपन के डॉक्टर शिवकुमार यादव ने युवक की मौत की पुष्टि की है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

1471
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?