गोविंद यादव व अरविंद यादव की दुकानों को नुकसान, पीड़ितों ने प्रशासन से की आर्थिक सहायता की मांग; जनहानि नहीं
म्योरपुर/सोनभद्र। दछिणांचल में बुधवार शाम आई तेज आंधी-तूफान ने म्योरपुर क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। विकासखंड म्योरपुर के ग्राम पंचायत रनटोला में तेज हवाओं के कारण दो दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार रनटोला निवासी गोविंद यादव की दुकान की सीमेंट सीट तेज तूफान के चलते उखड़ गई और बगल में स्थित अरविंद यादव की दुकान पर जा गिरी। इससे अरविंद यादव की दुकान के पीछे लगी सीट भी टूटकर नीचे गिर गई। घटना के बाद दोनों दुकानों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित गोविंद यादव ने बताया कि अचानक आई तेज आंधी के कारण उनकी दुकान का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह उखड़ गया और आसपास बिखर गया। उन्होंने कहा कि यदि उस समय वहां लोग मौजूद रहते तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई।

घटना की सूचना पीड़ितों द्वारा मोबाइल के माध्यम से क्षेत्रीय लेखपाल वीर बहादुर वाचा तथा ग्राम प्रधान दिनेश जायसवाल को दे दी गई है। दोनों दुकानदारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है, ताकि वे अपनी दुकानों को दोबारा व्यवस्थित कर सकें और रोजी-रोटी का साधन फिर से शुरू कर सकें। स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार शाम करीब 5 बजे अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं।






