रासपहरी गांव के 18 वर्षीय अमन कुमार को जिला अस्पताल भेजा गया, घर के अंदर जाते समय हुआ हादसा; परिजनों में कोहराम
म्योरपुर (सोनभद्र)। म्योरपुर थाना क्षेत्र के रासपहरी गांव में बुधवार की शाम आयी तेज आंधी के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक का सिर फट गया और उसे जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा। जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय अमन कुमार पुत्र अमृतलाल आंधी से बचने के लिए घर के अंदर जा रहा था। तभी बरामदे में लगा सीमेंट का सिटा और उस पर रखी ईंट अचानक उसके सिर पर गिर पड़ी। युवक लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डा० संजीव बिंद ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि तेज आंधी के कारण बरामदे में लगा सीमेंट का सिटा कमजोर होकर टूट गया। ईंट के साथ सिर पर गिरने से युवक को गंभीर चोट आई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन जिला अस्पताल में युवक का इलाज करा रहे हैं।






