जनभागीदारी से मजबूत होगा देश: सोनभद्र में स्वगणना अभियान को लेकर प्रशासन सख्त

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- 7 से 21 मई तक चलेगा महाअभियान

विशेष रिपोर्ट

सोनभद्र (उत्तरप्रदेश)। जनपद सोनभद्र में प्रस्तावित स्वगणना अभियान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अभियान को सफल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि 7 मई से 21 मई तक चलने वाला यह अभियान केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय महाअभियान होगा, जिसमें हर नागरिक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने औद्योगिक इकाइयों, एनटीपीसी रिहन्द, एनसीएल ककरी, अल्ट्राटेक, हिण्डालको और ग्रासिम इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि उनके आवासीय परिसरों में रहने वाले सभी परिवार स्वप्रेरणा से मोबाइल के माध्यम से अपनी स्वगणना प्रक्रिया पूरी करें।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ का बयान:

“स्वगणना अभियान केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास की मजबूत नींव है। जनपद सोनभद्र में 07 मई से 21 मई 2026 तक चलने वाले इस अभियान में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

मैं जनपद के सभी नागरिकों से अपील करता हूँ कि वे स्वयं आगे आकर स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज करें। यह प्रक्रिया न केवल पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी, बल्कि भविष्य की योजनाओं को सटीक दिशा देने में भी सहायक सिद्ध होगी।

साथ ही, 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जानकारी संकलित की जाएगी, जिसमें आमजन से अपेक्षा है कि वे पूर्ण सहयोग प्रदान करें।

जनगणना एक राष्ट्रीय दायित्व है, आइए, हम सब मिलकर इसे सफल बनाएं और विकास की इस यात्रा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।”

जिलाधिकारी, सोनभद्र

युवा बनेंगे बदलाव के वाहक

प्रशासन ने डिग्री कॉलेजों, इंटरमीडिएट संस्थानों और आईटीआई के छात्र-छात्राओं को इस अभियान का “जनदूत” बनाने की रणनीति तैयार की है। उन्हें प्रशिक्षित कर गांव-गांव, मोहल्लों तक जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

महिला शक्ति और जमीनी नेटवर्क पर जोर

आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, शिक्षक, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक और स्वयं सहायता समूह की सखियों को भी अभियान से जोड़ते हुए जमीनी स्तर पर इसकी मजबूत पकड़ सुनिश्चित की जाएगी।

हर माध्यम से जागरूकता

पोस्टर, बैनर, सोशल मीडिया, प्रचार वाहन और जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि कोई भी नागरिक इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से अछूता न रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भविष्य की योजनाओं की मजबूत नींव है। सटीक आंकड़े ही विकास की दिशा तय करते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का इसमें सहयोग अनिवार्य है।

समन्वय ही सफलता की कुंजी

सभी विभागों और संस्थाओं को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, जिससे अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री वागीश कुमार शुक्ला, जनगणना अधिकारी सुश्री प्रियांशा सिंह सहित अन्य अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

1457
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?