आदिवासी बाहुल्य टोले में अंधेरा, गर्मी से बच्चे बीमार, एसडीओ बोले- एक-दो दिन में बदलेगा
म्योरपुर, सोनभद्र। विकासखंड म्योरपुर के ग्राम पंचायत आरंगपानी के आदिवासी बाहुल्य टोला काशीकुड़ में दो माह से जला ट्रांसफार्मर न बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। समाजसेवी राजू कुमार गुप्ता के नेतृत्व में ग्रामीण लामबंद हुए और विभाग व प्रशासन पर सवाल खड़े किए। ग्रामीणों ने कहा कि दो माह से पूरा टोला अंधेरे में है। टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत के बावजूद अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। गर्मी में बच्चों के बीमार पड़ने की शिकायत भी सामने आई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग हम लोगों को अंधेरे में रखने का प्लान बना चुकी है। प्रदर्शन के दौरान राजू कुमार गुप्ता, कुलदीप सिंह गौड़, मोहर सिंह गौड़, रामलाल गौड़, रमाशंकर गौड़, हीरा सिंह गौड़, सुप्रीम गौड़, रघुवीर सिंह आदि ने जल्द ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की। इस संबंध में एसडीओ शिवम गुप्ता ने बताया कि एक-दो दिन में ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।






