नवीन कुमार
कोन (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का जीवन संकट में डाल दिया है। कोन और कचनरवा बिजली उपकेंद्र से जुड़े एक लाख से अधिक उपभोक्ता इन दिनों अघोषित कटौती, रोस्टिंग और लगातार ट्रिपिंग की समस्या से जूझ रहे हैं। तापमान बढ़ने के साथ बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के चलते दिन-रात मिलाकर 12 से 14 घंटे तक भी नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है। ऊपर से बार-बार ट्रिपिंग होने के कारण लोग भीषण उमस और गर्मी में परेशान हैं। पंखे, कूलर और पानी की मोटर बंद रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की हालत सबसे ज्यादा खराब हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार जहां 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा कर रही है, वहीं जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना के कई-कई घंटे बिजली काट दी जाती है, जिससे पेयजल संकट भी गहराने लगा है।
विजय शंकर जायसवाल, आनंद, संतोष, राजू, अर्जुन, रामनिहोर, लल्लन तिवारी, दिलकश और संजय सहित दर्जनों ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए थी, लेकिन अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।





